मनकापुर (गोंडा)। जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में तहसील में जिलाधिकारी डॉ. उज्जवल कुमार समेत कई जिला स्तरीय अधिकारियों ने जनसमस्याएं सुनीं। इस दौरान 127 शिकायतें आईं, जिनमें से पांच का मौके पर निस्तारण किया गया। इस दौरान दरोगा के रिश्वत लेने का मामला आया तो अधिकारी हैरत में पड़ गए।
ऐलनपुर ग्रंट गांव निवासी जगदंबा प्रसाद ने कहा कि कुछ लोगों ने उसको मारापीटा। जिला अस्पताल में 26 दिन भर्ती रहा। इस मामले में पुलिस ने सिर्फ एनसीआर दर्ज की। आरोप है कि मुकदमे के विवेचक व हलका नंबर-एक के उप निरीक्षक वीरबल ने धारा-308 की बढ़ोत्तरी करने के लिए आठ माह पहले 20 हजार लिए थे। अब धारा बढ़ाने में आनाकानी कर रहे हैं। डीएम ने गंभीरता से लेते हुए सीओ को जांच के आदेश दिए हैं। मिश्रौलिया कला गांव निवासी अनिल कुमार मिश्र ने शिकायत किया कि उसकी बड़ी मां को रिश्तेदार लेकर गया और सात बीघा जमीन का बैनामा करवा लिया।
आरोपियों ने बड़ी मां की हत्या करके शव को गायब कर दिया है। डीएम ने जांच करके बैनामा पर आपत्ति लगवाने का निर्देश दिया है। थाना छपिया के ग्राम परसा उदयकर निवासी राम श्रृंगार मत्स्य पालन के लिए पट्टा आवंटन में अनियमितता की शिकायत की। जिस पर डीमए ने तहसीलदार को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्राम बैरीपुर रामनाथ निवासी सुनीश कुमार मिश्रा, समसापुर निवासी दिनेश पांडेय, विसुनपुर झिलाही गांव निवासी जय मंगल ने पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
जिलाधिकारी ने शिकायतों के निस्तारण का भरोसा दिलाया। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा, डीएफओ आरके त्रिपाठी, डीपीआरओ लालजी दूबे, एसडीएम आकाश सिंह, न्यायिक उपजिलाधिकारी कुलदीप सिंह, सीओ संजय तलवार, तहसीलदार पैगाम हैदर, नायब तहसीलदार अमित यादव कोतवाल मनोज कुमार राय मौजूद रहे।