फोटो-32-गोंडा के नेहरू स्टेडियम में मतदाता जागरूकता को लेकर क्रिकेट खेलते डीएम डॉ. उज्ज्वल कुमार। (
- फोटो : GONDA
गोंडा। वोट डालने को लेकर डीएम, एसपी व सीडीओ ने धुआंधार बल्लेबाजी कर शत-प्रतिशत मतदान का संदेश दिया। 27 फरवरी को जिले में रिकॉर्ड वोटिंग हो इसके लिए मतदाता जागरूकता कार्यक्रम स्वीप के तहत रविवार को नगर के नेहरू स्टेडियम में तीन दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ किया गया।
डीएम डॉ. उज्ज्वल कुमार, एसपी संतोष मिश्रा व सीडीओ शशांक त्रिपाठी ने धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक किया। सीडीओ की बॉलिंग पर डीएम उज्ज्वल कुमार ने सधी हुई बल्लेबाजी की तो वहीं एसपी एसके मिश्रा ने डीएम की बॉलिंग पर दनादन कई चौके-छक्के लगाए। वहीं डीएम, एसपी और सीडीओ ने बैडमिंटन खेलकर भी अधिकतम वोटों की अपील की। टूर्नामेंट शुभारंभ के पहले डीएम ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।
सीडीओ ने बताया कि टूर्नामेंट में कुल पांच टीमें स्टेडियम इलेवन, निंदूरा किक्रेट क्लब, शालीमार किक्रेट क्लब, स्टेडियम जूनियर टीम तथा अदम गोंडवी क्रिकेट क्लब की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। टूर्नामेंट 22 फरवरी को समाप्त होगा। इसके बाद डीएम ने सेल्फी प्वाइंट का भी फीता काटकर शुभारंभ किया। युवाओं एवं मतदाताओं से अपील करते हुए डीएम ने कहा कि पिछले जनपद का मतदान प्रतिशत बहुत कम था। जनपद के मतदाता इस मिथक को तोड़ने का काम करें। इसके अलावा अपने साथ संगी, रिश्तेदार, पड़ोसियों को भी वोट डालने के लिए प्रेरित करें और मतदान की तारीख को वोट डालने के लिए भेजें।
एसपी ने कहा कि 27 तारीख को जनपद का हर मतदाता घर से निकले और अपना वोट जरूर डालें। टूर्नामेंट के आयोजक मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि इस बार जनपदवासियों ने ठाना है कि पिछले सारे रिकार्ड को पीछे छोड़ते हुए 27 फरवरी को जनपद नया कीर्तिमान स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि इस बार मतदाताओं में वोट डालने को लेकर विशेष अभिरूचि दिख रही है, जो कि लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत है और निश्चित ही इस बार जनपद में रिकार्ड वोट पड़ेंगे। शिक्षिका निशा श्रीवास्तव ने सारे कोम छोड़ दो सबसे पहले वोट दो गाकर मतदान के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का संचालन मो. इरफान मोईन ने किया। इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक/ प्रभारी अधिकारी स्वीप राकेश कुमार, बीएसए आरपी सिंह, ओएसडी शिवराज शुक्ला, पीआरओ टीपी सिंह, व्यायाम शिक्षक संजय सिंह उपस्थित रहे।