सदर तहसील में निरीक्षण करतीं डीएम प्रियंका निरंजन। स्रोत: सूचना विभाग
गोंडा। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने सोमवार को तहसील सदर का निरीक्षण कर राजस्व न्यायालयों में लंबित वादों के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने तहसीलदार सदर न्यायालय का निरीक्षण कर न्यायिक कार्यों से संबंधित अभिलेखों और फाइलों का परीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तहसीलदार सदर को निर्देश दिया कि सभी वादों एवं प्रकरणों की सुनवाई पूरी पारदर्शिता और नियमानुसार की जाए। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की प्राथमिकता है। अधिक से अधिक वादों का निस्तारण कर न्यायालय की कार्यक्षमता बढ़ाई जाए, ताकि वादकारियों को त्वरित न्याय मिल सके।
उन्होंने कहा कि सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों को पूरा अवसर दिया जाए तथा उनकी बातों को निष्पक्षता के साथ सुना जाए। डीएम ने न्यायालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव और लंबित प्रकरणों की स्थिति भी परखी। इस दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी रिंकी जायसवाल, तहसीलदार सदर मनीष कुमार, नायब तहसीलदार चंदन जायसवाल सहित अधिवक्ता मौजूद रहे।