कजली तीज पर लाखों कांवरियों के जलाभिषेक में किसी प्रकार का व्यवधान न हो इसके लिए गुरुवार को जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने पृथ्वीनाथ मंदिर व पूरे मेला परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियोें को कजली तीज मेला के पूर्व साफ सफाई, पेयजल, प्रकाश आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
डीएम अजय कुमार उपाध्याय व एसपी आरपीएस यादव गुरुवार को विभिन्न विभाग के अधिकारियों के साथ पृथ्वीनाथ मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने मंदिर परिसर व मेला क्षेत्र में चारों तरफ गंदगी, जलभराव व वहां कूड़ों के ढेर से उत्पन्न दुर्गंध देखकर बिफर उठे।
डीएम व एसपी पूरे मंदिर परिसर व मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। इसके बाद मंदिर परिसर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। कजली तीज मेला से पूर्व साफ सफाई, पेयजल, प्रकाश बैरीकेडिंग तथा मंदिर पहुंचने के लिए विभिन्न सड़कों की मरम्मत अथवा निर्माण करने का निर्देश दिया।
डीएम ने मंदिर के पुजारी से कहा कि यहां होने वाली छोटी व बड़ी सभी प्रकार रुद्राभिषेक, महामृत्युन्जय जाप व अन्य प्रकार के पूजा पाठ तथा दुकानों के आवंटन की रसीद के माध्यम से भुगतान लिया जाए। इसका लेखा जोखा कर मंदिर प्रशासक को सूचित किया जाए।
इस अवसर पर एडीएम त्रिलोकी सिंह, एसडीएम सदर नरेंद्र सिंह, डीपीआरओ आरएस चौधरी, लोनिवि, सिंचाई विभाग, जल निगम, बिजली विभाग, नगर पंचायत खरगूपुर के अधिशासी अधिकारी, एडीओ पंचायत रुपईडीह, नेडा के अधिकारी साहित तमाम लोग मौजूद रहे।
गौरतलब है कि भादौं कृष्ण पक्ष की कजली तीज 31 अगस्त को है, लेकिन हरतालिका तीज 16 सितंबर को पड़ रही है। यहां हरतालिका तीज का बड़ा महत्व है और इस दिन करनैलगंज स्थित सरयू व अयोध्या से करीब 6-7 लाख श्रद्धालु जलभर कर पृथ्वीनाथ, दुखहरन नाथ मंदिर में जलाभिषेक करते हैं।