गोंडा के मेडिकल कॉलेज में मरीजों से बात करते मंडलायुक्त। -संवाद
गोंडा। स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए देवीपाटन मंडल के मंडलायुक्त शशिभूषण लाल सुशील ने सोमवार देर रात मेडिकल कॉलेज पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान गंदगी व अव्यवस्थाओं को लेकर उन्होंने सीएमएस से जवाब मांगा।
सोमवार रात करीब 11 बजे मंडलायुक्त अचानक मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में पहुंच गए। उन्होंने भर्ती रजिस्टर, ओपीडी रजिस्टर, डॉक्टर ड्यूटी लिस्ट व आवश्यक दवाओं की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। कमिश्नर के पहुंचने की सूचना मिलने ही सभी वार्डों में नर्सिंग स्टाफ व स्वास्थ्यकर्मी अलर्ट हो गए। आनन-फानन व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का प्रयास किया गया। इमरजेंसी में तैनात डॉ. अतुल मिश्र के साथ कमिश्नर ने इमरजेंसी वार्ड, ट्राॅमा वार्ड, चिल्ड्रेन वार्ड व आर्थो वार्ड का जायजा किया। मरीजों और तीमारदारों से बात करके स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी ली। मेडिकल वार्ड के बाहर वॉशबेसिन में गंदगी व इमरजेंसी के पास व बाहर गंदगी मिलने पर कमिश्नर ने सीएमएस से जवाब मांगा।
वहीं, मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर का मरीज से अभद्रता करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर नशे में थे, इसलिए उन्होंने मरीज के साथ दुर्व्यवहार किया। सीएमएम डॉ. अनिल तिवारी ने बताया कि उन्हें वायरल वीडियो की जानकारी नहीं है। वीडियो को देखने के बाद जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।