गोंडा। दो दिन अवकाश के बाद सोमवार को जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। 1752 लोगों ने पर्चा कटवाकर ओपीडी में चिकित्सकों को दिखाया। मरीजों की सबसे अधिक भीड़ फिजीशियन व आर्थो सर्जन की ओपीडी में रही। फिजीशियन की ओर से करीब तीन सौ मरीजों को अल्ट्रासाउंड करवाने का सुझाव दिया गया। मरीज जब अल्ट्रासाउंड कक्ष पहुंचे तो वहां डॉक्टर के छुट्टी पर होने के कारण ताला लटका मिला जिससे उन्हें निराश लौटना पड़ा।
शनिवार को अमर शहीद राजेंद्रनाथ लाहिड़ी बलिदान दिवस पर स्थानीय अवकाश व रविवार को साप्ताहिक अवकाश के चलते तीसरे दिन सोमवार को जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। काउंटर पर 1752 मरीजों का ओपीडी पर्चा बनाया गया। फिजीशियन डॉ. शोएब इकबाल के ओपीडी के सामने मरीजों की भारी भीड़ रही।
आर्थो सर्जन ने भी दो सौ से अधिक मरीजों का इलाज किया। फिजीशियन की ओर से करीब तीन सौ लोगों को अल्ट्रासाउंड कराने का सुझाव दिय गया, लेकिन अल्ट्रासाउंड कक्ष में ताला लटकता रहा। वहां बाहर नोटिस चस्पा थी कि डॉक्टर छुट्टी पर हैं, 31 तारीख तक अल्ट्रासाउंड नहीं होगा। नोटिस देखकर मरीजों को निराश होकर बाहर से जांच करानी पड़ी।
अस्पताल आए संतोष कुमार ने बताया कि उनकी मां को अल्ट्रासाउंड कराना था, लेकिन यहां ताला लटक रहा है। अब बाहर से अल्ट्रासाउंड कराना पड़ेगा। अस्पताल के एक कर्मचारी ने बताया कि कई दिनों से यहां अल्ट्रासाउंड ठप है, दलाल मरीजों को बाहर से अल्ट्रासाउंड कराने ले जा रहे हैं।
जिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. पीडी गुप्ता ने बताया कि क्षेत्रीय निदान केंद्र पर तैनात रेडियोलॉजिस्ट डॉ. पवन कुमार ने दो दिनों के लिए छुट्टी की मांग की थी, लेकिन छुट्टी बीतने के बाद भी अस्पताल नहीं आ रहे हैं, स्पष्टीकरण तलब किया जाएगा।