गोंडा। निकाय निर्वाचन के लिए जिले को 14 जोन व 37 सेक्टरों में बांटकर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। बुधवार को जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को जिला पंचायत सभागार में चुनाव के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। डीएम डाॅ. उज्जवल कुमार ने चुनाव प्रबंधन के तरीके बताए और सतर्क रहने का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि निकाय निर्वाचन से जुड़े सभी अधिकारी आयोग के निर्देशों का अध्ययन कर लें। यदि कहीं कोई शंका हो समय रहते समाधान कर लें। निर्वाचन प्रक्रिया एवं दायित्वों की जितनी स्पष्ट जानकारी होगी, उतनी ही कुशलता से चुनाव होगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में उन्होंने निर्वाचन कार्य प्रारंभ होने से लेकर पोलिंग पार्टी की रवानगी, मतदान दिवस, बैलेट बॉक्स जमा करने आदि के बारे में बताया। डीएम ने कहा कि समस्त जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्र के शत-प्रतिशत मतदेय स्थलों की चेक लिस्ट के अनुसार विद्युत, शौचालय, पेयजल, छाया, रास्ता, रैम्प आदि मूलभूत सुविधाओं के विषय में रिपोर्ट तैयार करें। उन्होंने संवेदनशील व अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर समस्त आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ एम. अरुन्मोली, डीडीओ दिनकर विद्यार्थी आदि अधिकारी मौजूद रहे।