यूपी के गोंडा में तेज आवाज में डीजे बजाने पर दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान आरोपी ने युवक की पिटाई कर दी। आरोप है कि दबंग ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना गौरा चौराहा क्षेत्र के त्रिलोकपुर गांव के मजरा हज्जीडीह की है। त्रिलोकपुर निवासी उबैदुर्रहमान ने बताया कि उसके भाई का बैल खूंटे की रस्सी तोड़कर भाग गया था। बैल पकड़ने के लिए वह पीछे-पीछे दौड़ा। बैल गांव के ही एजाज अहमद उर्फ गुल्ले के घर के पास पहुंचा तो एजाज ने अपना डीजे का साउंड और तेज कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया केस
उबैदुर्रहमान ने आगे बताया कि डीजे की तेज आवाज से उसे बैल पकड़ने में परेशानी हुई। जब उसने विरोध किया तो एजाज गाली-गलौज करते हुए मुक्का, थप्पड़ और डंडे से मारने लगे। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।