वर्ल्ड एनीमल केयर यूनिट अमेरिका की टीम ने स्कूल की गतिविधियों की ली जानकारी
- फोटो : अमर उजाला
जिले से प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न गतिविधियों में ख्याति अर्जित कर चुका प्राथमिक विद्यालय धौरहरा की गतिविधियों की धमक अमेरिका तक पहुंच गई। तभी तो बुधवार को वर्ल्ड एनीमल केयर यूनिट साउथ केरोलीना अमेरिका से आए क्रिस हेगन यूनिट हेड व उनकी टीम ने विद्यालय के बच्चों व शिक्षक से मिलकर गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। विद्यालय में पर्यावरण व टर्टल सरवाइवल एलाइंस जैसे चल रहे कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त कर प्रसन्नता व्यक्त की।
जिले के विकास खंड करनैलगंज का प्राथमिक विद्यालय धौरहरा विश्व के नक्शे में अपनी पहचान बना चुका है। संसाधनों के अभाव में नन्हे-मुन्ने बच्चों को परिषदीय प्राइमरी स्कूल में कान्वेंट स्कूल जैसा माहौल देने एवं जीव-जंतुओं तथा प्रत्येक दिन कोई न कोई विशेष दिवस की शिक्षा बच्चों को देने के लिए जिले में अव्वल रहे प्राथमिक विद्यालय को बुधवार को एक और नया मुकाम मिला। वर्ल्ड एनीमल केयर यूनिट अमेरिका के हेड की टीम ने विद्यालय की गतिविधियों का भी अवलोकन किया तथा बच्चों व ग्रामीणों से बात की।
स्कूल की गतिविधियों को देखते हुए उन्होंने धौरहरा प्राथमिक विद्यालय को जिले का रिसोर्स सेंटर बनाने की बात कही। अमेरिका में साउथ केरोलीना में संचालित वर्ल्ड एनीमल केयर यूनिट के हेड आफ डिपार्टमेंट क्रिस हेगन अपने एक सप्ताह भारतीय दौरे के दौरान करनैलगंज के प्राथमिक विद्यालय धौरहरा पहुंचे।
उनके साथ भास्कर दीक्षित कोआर्डीनेटर तराई भारत टीएसए अरुणिमा सिंह जंतु विज्ञानी लखनऊ महेन्द्र प्रताप सिंह प्रोजेक्ट सहायक भी थे। स्कूल में बच्चों द्वारा बनाए गए विभिन्न मॉडलों का गहन अवलोकन करते हुए ग्रामीणों व बच्चों से जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर बातचीत के दौरान क्रिस हेगन ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि भारत जैसे देश के ग्रामीण क्षेत्र में ऐसा स्कूल एक मिशाल हैं। उन्होंने अन्य स्कूलों में भी पर्यावरण व जीवों के प्रति जागरूकता फैलाने की बात कही। टीएसए के भास्कर दीक्षित ने कहा कि यह स्कूल पर्यावरण व जीव संरक्षण के प्रति छात्रों व ग्रामीणों को जागरूक करता रहा है।