गोंडा। मेडिकल काॅलेज के आर्थो वार्ड में चूहों की उछलकूद मामले को लेकर रविवार को डीजीएमई की पांच सदस्यीय टीम निरीक्षण करेगी। टीम के निरीक्षण को लेकर शनिवार को पूरे दिन मेडिकल कॉलेज में तैयारी की जाती रही।
तीन दिन पहले मेडिकल कॉलेज के आर्थो वार्ड में चूहों की उछलकूद का वीडियो वायरल हुआ था। चूहे ऑक्सीजन पाइपलाइन से लेकर मरीज के बेड तक पर दौड़ रहे थे। विपक्षी दलों ने वीडियो शेयर करते हुए व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगाए थे। मामला शासन तक पहुंच गया। अफसरों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आर्थो वार्ड के पूरे स्टाफ को निलंबित कर दिया था।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। अब रविवार को डीजीएमई की पांच सदस्यीय टीम मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण करने आ रही है। टीम वार्डों में साफ-सफाई की व्यवस्था, ओपीडी, मरीजों को दी जाने वाली सेवाओं की टोह लेगी। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. धनंजय श्रीकांत कोटास्थाने ने बताया कि डीजीएमई टीम के आने की सूचना मिली है। इसके लिए तैयारी की गई है।
सोमवार से नई बिल्डिंग में चलेगी ओपीडी
आर्थो वार्ड में चूहों का मामला सामने आने के बाद शुक्रवार को जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया था। उन्होंने जल्द से जल्द ओपीडी की सेवाएं नई बिल्डिंग में संचालित कराने का निर्देश दिया है। शनिवार को पूरे दिन अधिकारी व कर्मचारी ओपीडी को नई बिल्डिंग में शिफ्ट कराने में जुटे रहे। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. डीएन सिंह ने बताया कि सोमवार से लगभग सभी ओपीडी नए भवन में संचालित होंगी।
एक मरीज-एक तीमारदार की व्यवस्था लागू
मेडिकल कॉलेज के विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों के लिए एक मरीज-एक तीमारदार की व्यवस्था लागू कर दी गई है। इसके साथ ही अन्य तीमारदारों के मिलने का समय भी निर्धारित कर दिया गया है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. डीएन सिंह ने बताया कि मरीजों से मिलने का समय तीन शिफ्ट में है। सुबह सात से आठ बजे, दोपहर में एक से दो बजे व शाम को चार से छह बजे तक लोग बीमार मरीजों से मिल पाएंगे। बाकी समय प्रत्येक मरीज के साथ सिर्फ एक तीमारदार ही वार्ड में रहेगा। इसके साथ ही गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई की व्यवस्था की गई है। गंदगी करने, तंबाकू व गुटखा खाते मिले लोगों से सुरक्षाकर्मी 500 रुपये जुर्माना वसूलेंगे। इसकी रसीद भी लोगों को दी जाएगी।