गोंडा। मालवीयनगर की रामलीला में तीसरे दिन जनकपुर की फुलवारी में श्रीराम और सीता के मिलन का मंचन किया गया। नटराज रामलीला मंडल, बस्ती के कलाकारों ने मिथिला नगरी की फुलवारी का मनोहारी दृश्य जीवंत कर दिया। कथानक के अनुसार, सीता स्वयंवर की तैयारियों के बीच मुनि विश्वामित्र के आदेश पर भगवान राम और लक्ष्मण पुष्प चुनने के लिए फुलवारी पहुंचे।
तभी जनकनंदिनी सीता भी गौरी पूजन के लिए अपनी सखियों के साथ फुलवारी आईं। जब मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम और सीता की नजरें मिलीं तो मानो समय थम गया। दोनों ने एक-दूसरे को देख मन ही मन प्रणाम किया और उनके नेत्रों से भक्ति, विनय और दिव्य प्रेम की ज्योति प्रस्फुटित हो उठी। इस दिव्य क्षण को देख श्रद्धालुओं की आंखें श्रद्धा से नम हो गईं। वातावरण में भक्ति और भावनाओं की लहर उमड़ पड़ी। लीला के अंत में भाजपा नेता महेश तिवारी ने श्रीराम की आरती उतारी। इस अवसर पर धीरेंद्र प्रताप पांडेय, राजेश तिवारी, ओंकार गुप्ता मिंटू, अमर किशोर कश्यप, सोमपाल श्रीवास्तव, गोपेश श्रीवास्तव, राजू कश्यप सहित बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे। (संवाद)