गोंडा। अयोध्या में प्राण-प्रतिष्ठा के बाद जुटी श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने रोडवेज बसों के संचालन पर रोक लगा रखी है।
इस कारण अयोध्या पहुंचने के लिए शहर में जुटे श्रद्धालुओं को गंतव्य तक पहुंचने के लिए वाहन न मिल पाने से भटकना पड़ रहा है। दूसरी तरफ एएसपी ने अयोध्या सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए हर एक की कड़ी तलाशी का निर्देश दिया है।
अयोध्या में जुटी श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण नवाबगंज के शिवदयालगंज स्थित अयोध्या सीमा को 26 जनवरी तक सील कर दिया गया है।
बृहस्पतिवार को सुबह गुरुनानक चौक से लोग निजी वाहनों से अयोध्या के लिए जाते देखे गए। ऑटो चालकों ने बताया कि वजीरगंज में पुलिस अयोध्या जाने से रोक रही है।
ऐसे में अवकाश के दौरान गोंडा से बाहर जाने वाले लोगों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए वाहन न मिल पाने के कारण भटकना पड़ रहा है। प्रशासन ने अयोध्या-गोरखपुर फोरलेन हाईवे पर लोलपुर के पास पुलिस ने चौकसी भी बढ़ा दी है।
बृहस्पतिवार सुबह एएसपी राधेश्याम राय ने पौष पूर्णिमा स्नान व प्रभु श्रीराम दर्शनार्थियों के मद्देनजर सरयू पुल बैरियर का जायजा लिया। उन्होंने डायवर्जन व्यवस्था को और पुख्ता किए जाने का निर्देश दिया।