व्योंदा उपरहर गांव में आयोजित तीन दिवसीय मेले के शोभायात्रा में मौजूद लोग। स्रोत: आयोजक
विश्नोहरपुर। व्योंदा उपरहर में आयोजित तीन दिवसीय बाबा गोपीनाथ मेले में बृहस्पतिवार को हजारों लोगों ने दर्शन कर मन्नतें मांगीं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र होने के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा। हर तीसरे वर्ष आयोजित होने वाला यह मेला क्षेत्र में प्रसिद्ध है। बुधवार शाम गाजे-बाजे के साथ बाबा की प्रतिमा को बांस की पालकी पर लिटाकर मंदिर से शोभायात्रा निकाली गई। सरयू नदी में प्रतिमा स्नान के बाद गांव के सुदर्शन सिंह के मकान में स्थापित कर पूजन-अर्चन शुरू हुआ। शुक्रवार को प्रतिमा पुनः मंदिर में स्थापित की जाएगी। मेले में झूले, मिठाई और खिलौनों की दुकानें सजी हैं। व्योंदा माझा के प्रशासक केशवराम यादव ने बताया कि मेले में आसपास के कई गांवों के लोग शामिल होते हैं। यहां तक कि विवाह के उपरांत ससुराल जा चुकी लड़कियां भी अपने बाल-बच्चों को लेकर मेले में जाने के लिए मायके आती हैं।
श्रीमद्भागवत कथा 13 से
गोंडा। रानी बाजार स्थित श्रीराम जानकी मारवाड़ी धर्मशाला में 13 से 20 सितंबर तक श्रीमद्भागवत कथा आयोजित होगी। प्रयागराज के प्रवाचक आचार्य बालकृष्ण भार्गव कथा सुनाएंगे। 13 सितंबर को सुबह नौ बजे श्रीराम जानकी मंदिर से कलश यात्रा निकलेगी। कथा रोजाना दोपहर तीन से शाम सात बजे तक होगी। 14 को परीक्षित जन्म, 15 को ध्रुव चरित्र, 16 को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, 17 को गोवर्धन पूजा, 18 को रुक्मिणी विवाह और 19 को परीक्षित मोक्ष प्रसंग सुनाया जाएगा। 20 सितंबर को सुबह 10 बजे हवन-पूजन के साथ पूर्णाहुति होगी। पंकज मोदी व दीपक मोदी ने लोगों से कथा में शामिल होने की अपील की है। (संवाद)
श्रीराम जानकी मंदिर में मनाई छठी
परसपुर। श्रीराम जानकी मंदिर में बुधवार देर शाम भगवान श्रीकृष्ण का छठी पर्व धूमधाम से मनाया गया। पुजारी बाबा कौशल दास ने बाल गोपाल का शृंगार कर पूजन कराया। श्रद्धालुओं ने हाथी-घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की के जयकारे लगाए। महिलाओं ने पारंपरिक सोहर गीत गाए। महाआरती के बाद भक्तों ने दर्शन-पूजन किया। इस अवसर पर सूर्य प्रकाश सिंह, राकेश रस्तोगी, संतोष रस्तोगी, लल्लन कौशल, बृजेश पांडेय, शंभू कौशल, नंद किशोर तिवारी, जगदेव प्रजापति, कृष्ण कुमार सोनी आदि मौजूद रहे। (संवाद)