पृथ्वीनाथ मंदिर में स्थापित शिवलिंग व दुखहरणनाथ मंदिर में की गई सजावट। संवाद
गोंडा। सावन माह के पहले सोमवार को जिलेभर के शिवालयों में श्रद्धा और आस्था का सैलाब उमड़ेगा। सुबह से ही मंदिरों में भगवान शिव के जलाभिषेक और रुद्राभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगेंगी।
जिले के प्रमुख शिव मंदिरों में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने भी विशेष इंतजाम किए हैं। मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। भोर से ही शिव भक्तों के मंदिर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। कई श्रद्धालु व्रत रखकर भगवान शिव की आराधना करेंगे। खरगूपुर के पृथ्वीनाथ मंदिर, नगर के दुखहरणनाथ मंदिर, करनैलगंज के बरखंडीनाथ मंदिर, मनकापुर के करोहानाथ मंदिर, वजीरगंज के बालेश्वरनाथ मंदिर, जयप्रभाग्राम स्थित भक्तिधाम मंदिर में पूरे दिन पूजन-अर्चन का सिलसिला चलेगा।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, सावन के सोमवार का विशेष महत्व माना जाता है। इस दिन भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा करने पर भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इसी वजह से सावन के पहले सोमवार को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह रहता है। पृथ्वीनाथ मंदिर के पुजारी जगदंबा प्रसाद तिवारी ने बताया कि तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
पृथ्वीनाथ मंदिर में स्थापित शिवलिंग व दुखहरणनाथ मंदिर में की गई सजावट। संवाद