गोंडा के करनैलगंज स्थित सरयू घाट पर पितृ विसर्जन के मौके पर स्नान दान करते श्रद्धालु।
- फोटो : GONDA
करनैलगंज (गोंडा)। पितृ विसर्जन व अमावस्या पर शनिवार को करनैलगंज के सरयू घाट पर करीब एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने सरयू नदी में डुबकी लगाई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए स्नान दान किया। शनिवार को अमावस्या व पितृ विसर्जन पर करनैलगंज से तीन किलोमीटर दूर सरयू नदी के तट कटरा घाट पर सुबह से ही स्नानार्थियों का तांता लग गया।
दूरदराज क्षेत्रों से आए करीब एक लाख श्रद्धालुओं ने सरयू नदी में स्नान किया और पूजन पाठ करने के बाद दान किया। सुबह से लेकर दोपहर बाद तक सरयू घाट पर स्नान करने एवं अपने पितरों को जल अर्पण करने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। वैसे तो प्रत्येक अमावस्या पर सरयू घाट पर स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमा होती है लेकिन शनिवार को पितृ विसर्जन होने के चलते श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही।