गोंडा। उपभोक्ताओं से बिजली बिल वसूली के मामले में देवीपाटन जोन ने मध्यांचल में पहला स्थान व प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि के बाद जोन के अधिकारी नए वित्तीय वर्ष में निर्बाध विद्युत आपूर्ति और बेहतर राजस्व वसूली के लिए रणनीति बनाने में जुट गए हैं।
उत्तर प्रदेश पावर कारर्पोरेशन की ओर से जारी वित्तीय वर्ष 2025-26 की खंड व माहवार रिपोर्ट के अनुसार जोन को 1179.18 करोड़ रुपये राजस्व वसूली का लक्ष्य दिया गया था। इसके सापेक्ष गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती जिलों में कुल 974.48 करोड़ रुपये की वसूली की गई, जो लक्ष्य का 82.64 प्रतिशत है। प्रदेश स्तर पर बस्ती और वाराणसी के बाद देवीपाटन जोन तीसरे स्थान पर रहा, जबकि मध्यांचल विद्युत वितरण निगम क्षेत्र में सीतापुर, बरेली क्षेत्र-एक, दो, अयोध्या और रायबरेली को पीछे छोड़ते हुए यह जोन पहले स्थान पर रहा।
पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 में 802.94 करोड़ रुपये की वसूली हुई थी, जबकि इस वर्ष इसमें 21.36 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ ने बताया कि अधिकारियों की सक्रियता, उपभोक्ताओं को जागरूक करने और लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई के कारण यह सफलता मिली है।
मार्च में 106 प्रतिशत से अधिक वसूली
मार्च माह में देवीपाटन जोन को 97.52 करोड़ रुपये वसूली का लक्ष्य दिया गया था, जिसके सापेक्ष 103.73 करोड़ रुपये की वसूली की गई। इस तरह मार्च में 106.37 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया गया।
मुख्य अभियंता को मिली प्रोन्नति
देवीपाटन जोन के मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ को लेवल-2 से लेवल-1 में प्रोन्नति मिली है। इस उपलब्धि पर उन्होंने खुशी जताई, वहीं कार्यालय के अधिकारियों व कर्मचारियों ने उन्हें बधाई दी।