लौवाटेपरा में स्थापित मंडल का पहला 400 केवी बिजली उपकेंद्र। स्रोत: विभाग
गोंडा। जिले के लौव्वा टेपरा में बनकर तैयार हुए देवीपाटन मंडल के पहले 400 केवी के विद्युत उपकेंद्र को गर्मी से पहले शुरू कर दिया गया है। इससे गोंडा, बहराइच और बलरामपुर जिले में होने वाली लो-वोल्टेज की समस्या से उपभोक्ताओं को प्रभावी मदद मिलेगी। निर्बाध बिजली आपूर्ति से शैक्षणिक व औद्योगिक गतिविधियों में तेजी आने के साथ ही गर्मी में होने वाले बिजली संकट से भी छुटकारा मिलेगा।
देवीपाटन जोन के मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ ने बताया कि गोंडा में जेल रोड स्थित 220 केवी विद्युत उपकेंद्र से आपूर्ति की जाती थी। मगर मंडल के पहले 400 केवी के विद्युत उपकेंद्र स्थापित होने से गोंडा, बहराइच और बलरामपुर जिले के उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी। अब एनटीपीसी टांडा से सीधे मंडल में बिजली आएगी। अभी तक बस्ती जिले पर निर्भरता रहती थी। ऐसे में तकनीकी कारणों से आए दिन बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की परेशानी उठाना पड़ती थी। विशेष तौर पर गोंडा के करनैलगंज, मनकापुर, बहराइच के पयागपुर और बलरामपुर विद्युत उपकेंद्रों पर होने वाली लो-वोल्टेज की समस्या से उपभोक्ताओं को छुटकारा मिलेगा।
लाइन हानि में भी आएगी कमी
अधिकारियों का कहना है कि उच्च वोल्टेज पर बिजली ट्रांसमिट करने से ऊर्जा का क्षय न्यूनतम होता है। इस उपकेंद्र के शुरू होने से लाइन हानि में भी भारी कमी आएगी। बची हुई बिजली विभाग की बचत और जनता के लिए अतिरिक्त आपूर्ति के रूप में उपलब्ध होगी। यह उपकेंद्र एनटीपीसी टांडा बस्ती-गोंडा लाइन से एलआईएलओ पद्धति द्वारा जुड़ा है। इससे विद्युत ग्रिड में तकनीकी समस्या आने पर भी आपूर्ति वैकल्पिक मार्ग से चालू रहेगी।