गोंडा। शहर के फखरुद्दीन अली अहमद राजकीय इंटर कॉलेज परिसर के आसपास वेंडिंग जोन बनना शुरू हो गया है। वह भी तब जबकि जीआईसी के प्रधानाचार्य और शिक्षकों की ओर से जिले के अधिकारियों को पत्र लिखकर इस पर सवाल उठाए जा चुके हैं।
ये वेंडिंग जोन नगर पालिका परिषद जीआईसी परिसर के पास बनवा रहा है। सोमवार से निर्माण की गति और तेज हो गई। वहां मौजूद मजदूरों व सुपरवाइजर ने बताया कि उच्चाधिकारियों के आदेश पर जीआईसी परिसर के पास कुल मिलाकर 31 दुकानें बनाने के लिए जमीन चिन्हित की गई है। नगर पालिका परिषद के ईओ संजय कुमार मिश्र ने शिक्षकों की समस्याओं की कोई भी जानकारी होने से इन्कार किया।
कॉलेज प्रशासन ने उठाए सवाल
जीआईसी प्रधानाचार्य शैलेश पटेल की ओर से सभी अधिकारियों को वेंडिंग जोन से होने वाली समस्याओं की जानकारी दी गई है। कॉलेज में कक्षा छह से 12 तक बच्चों की पढ़ाई के साथ ही बोर्ड के संकलन व प्रतियोगिता परीक्षा कराने में कॉलेज अहम भूमिका निभाता है। वहीं, पास में रोजवेज बस अड्डा होने के चलते आसपास रोजाना जाम की स्थिति रहती है। आरोप है कि बावजूद इसके मनमाना रुख अख्तियार किया जा रहा है। शासनादेश के मुताबिक, किसी भी शैक्षणिक संस्थान के 100 मीटर दायरे में शराब की दुकानों से लेकर नशे की सामग्री की ब्रिकी पर प्रतिबंध है। इसके बाद भी कॉलेज के सामने शराब की दुकान है। हालांकि जिला आबकारी अधिकारी प्रगल्भ लवानिया का कहना है कि दुकान नियम के अनुरूप है। इसमें कोई गड़बड़ी नहीं है।
पहले से लग रही हैं दुकानें
जिस जगह की बात हो रही है वहां पहले से दुकानें लग रही हैं। जीआईसी की ओर से आपत्ति दर्ज कराई गई है। सभी को ध्यान में रखते हुए वेडिंग जोन का निर्माण कराया जा रहा है। जाम की समस्या से निजात दिलाएंगे।
आलोक कुमार, एडीएम
शराब की दुकान को हटाने के लिए लिखा है
विद्यालय के आसपास वेंडिंग जोन होने से बच्चों को बुरा प्रभाव पड़ेगा। शराब की दुकान हटाने के लिए कई बार पत्राचार किया गया। मगर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। -डॉ. रामचंद्र, डीआईओेएस