गोंडा। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को कजरीतीज को लेकर अलग-अलग विभागों के अधिकारियों की बैठक की गई। डीएम प्रियंका निरंजन ने कहा कि कजरीतीज पर कांवड़ियों की सुविधा व सुरक्षा के इंतजामों में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही न की जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। उन्होंने जल व्यवस्था, साफ-सफाई, मंदिरों के आसपास व नदी में बैरीकेडिंग, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं (स्वास्थ्य कैंप), यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य सभी जरूरी इंतजाम समय से सुनिश्चित करने को कहा।
एसपी विनीत जायसवाल ने आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, ड्रोन से निगरानी व महिला सुरक्षा की विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए। बैठक में सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा, एडीएम आलोक कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी महेश प्रकाश सहित अन्य विभागों के अफसर मौजूद रहे। (संवाद)