बलरामपुर। ई-रिक्शा चालकों के एक प्रतिनिधि मंडल ने सोमवार को सीओ यातायात को पांच सूत्री मांग पत्र सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। जनपद मुख्यालय पर संचालित 319 ई-रिक्शा चालकों ने मांगे न पूरी होने पर पहले की तरह पूरे नगर में ई-रिक्शा संचालन की चेतावनी दी है।
ई-रिक्शा चालक पवन कश्यप ने बताया कि 319 चालकों के साथ सीओ यातायात से मिलकर प्रत्येक चिन्हित रूट पर ई-रिक्शा पार्किंग के लिए दो-दो स्टैंड आवंटित करने की मांग की है। प्राइवेट बस स्टैंड व टैक्सी स्टैंड को शहर से बाहर स्थानांतरित करने, बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन पर ई-रिक्शा चालकों को सवारी बैठाने की अनुमति देने की मांग भी की गई है। इसके अतिरिक्त बुकिंग पर ई-रिक्शा लेने वालों को निर्धारित रूट में छूट देते हुए सवारी को गंतव्य तक पहुंचाने की अनुमति देने की मांग भी की है। सीओ यातायात ज्योतिश्री ने बताया कि बुकिंग पर ई-रिक्शा लेने वालों को निर्धारित रूट में छूट दी जाएगी। मरीजों को भी गंतव्य तक पहुंचाने के लिए रूट के निर्धारण से छूट दी जाएगी। अन्य मांगों के संदर्भ में नगर पालिका प्रशासन सहित अन्य संस्थाओं से वार्ता कर निर्णय लिया जाएगा। इस दौरान अधिवक्ता संजय, अजय बहादुर, ई-रिक्शा चालक संदीप पांडेय, प्रमोद, गोलू व रियाज आदि मौजूद रहे।