खोड़ारे। क्षेत्र के एक गांव स्थित खंडहर में मंगलवार दोपहर मूक-बधिर किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया है।
पीड़िता की मां ने बताया कि 14 वर्षीय बेटी मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे घर के आसपास थी। कुछ देर बाद गांव की ही छह साल की एक बच्ची ने बताया कि बेटी खंडहर में बंद है। मां वहां पहुंची और आरोपी गिरधारी (40) के चंगुल से किसी तरह बेटी को छुड़ाया। मां ने बेटी के साथ दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। थानाध्यक्ष प्रबोध कुमार ने बताया कि किशोरी मूक-बधिर है। वह कुछ बता नहीं पा रही है। उसे मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। मुकदमा दर्ज करके आरोपी गिरधारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वह उसी गांव में अपनी ससुराल में रहता है। (संवाद)