गोंडा के कटरा बाजार में युवक की हत्या के बाद रोता बिलखता परिवार।
- फोटो : GONDA
कटरा बाजार (गोंडा)। घर से शुक्रवार की सुबह निकले एक ट्रैक्टर चालक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को जिगिनिया गांव के पास सरयू नहर के किनारे फेंक दिया गया। शनिवार की सुबह ट्रैक्टर चालक का शव खून से लथपथ नहर किनारे झाड़ी में पड़ा मिला। ट्रैक्टर चालक की पत्नी ने थाना कटरा बाजार में एक युवक के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कटरा बाजार थाना क्षेत्र के भदैंया गांव के मजरा सुखन पुरवा निवासी प्रवेश कुमार उर्फ ननके ने बताया कि उसका बड़ा भाई रमन बाबू उर्फ भड़के गांव के ही एक किसान के यहां ट्रैक्टर चलाता था। शुक्रवार की सुबह वह घर निकला था। मगर वह देर रात तक वापस घर नहीं लौटा। उसकी काफी तलाश की गई। मगर उसका पता नहीं चल सका। भड़के के पिता केवला प्रसाद ने बताया कि उनके बेटे रमन बाबू उर्फ भड़के (37) का शव उनके गांव से करीब चार किमी. दूर जिगिनिया गांव के पास नहर के किनारे पड़ा मिला।
केवला के मुताबिक शव से कुछ दूरी पर तीन गिलास व दो खाली शराब की बोतल पड़ी मिली। केवला प्रसाद ने बताया कि उसके बेटे की चाकू मारकर हत्या की गई है। हत्या की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र कुमार, सीओ करनैलगंज कृपाशंकर कनौजिया मौके पर पहुंचे और डॉग स्क्वॉयड की टीम को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में भड़के की पत्नी उर्मिला ने थाना कटरा बाजार में रंजीत कुमार निवासी जनपद लखीमपुर के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक जेबी सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। अभियुक्त की तलाश की जा रही है।
चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
भदैयां सुखनपुरवा के रहने वाले रमन बाबू उर्फ़ भड़के की हत्या से जहां उसकी पत्नी उर्मिला के मांग का सिंदूर उजड़ गया। वहीं उसकी दो बेटियों वसु (10) , निधि (8) व दो बेटे दिवाकर (6) तथा विक्की (5) के सिर से पिता का साया उठ गया। उर्मिला ने बिलखते हुए बताया कि उसके पति गांव के ही एक व्यक्ति के यहां ट्रैक्टर चालक थे। जिससे परिवार की जीविका चलती थी।