खरगूपुर (गोंडा)। महादेवा गांव में पाइप चोरी के आरोप में डीसीएम चालक को माल सहित पुलिस के हवाले कर दिया गया। जलजीवन मिशन के तहत काम कर रही फर्म के इंजीनियर की तहरीर पर दो नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। सोमवार को पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश कर चालक को जेल भेज दिया गया।
नगर कोतवाली क्षेत्र के भटवलिया निवासी अर्जुन कुमार जलजीवन मिशन के तहत काम कर रही केएलएसआर आरएवाईएस (जेवी) में बतौर इंजीनियर रुपईडीह ब्लॉक में काम देख रहे हैं। रविवार को रुपईडीह के महादेवा कला में जलापूर्ति के लिए भूमिगत पाइप डालने के लिए खोदाई चल रही थी। आरोप है कि चालक धर्मराज अपने साथी काशी समेत अन्य के साथ डीसीएम (यूपी 78 एचटी 8425) पर फर्म के 20 पाइप चोरी करने की फिराक में था। इस दौरान महादेवा कला ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विवेक पाठक अपने साथी प्रिंस के साथ मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। साथ ही पाइप लदे डीसीएम को पकड़कर पुलिस हवाले कर दिया। प्रभारी निरीक्षक कमलाकांत त्रिपाठी ने बताया कि चालक समेत दो नामजद व अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है।