शहर कोतवाली में अज्ञात वाहन के विरुद्ध केस
संवाद न्यूज एजेंसी
गोंडा। शहर के कर्बला रोड स्थित एक होटल के सामने मंगलवार की देर रात डीसीएम की टक्कर से बाइक सवार शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद भाग रहे डीसीएम का पीछा कर लोगों ने पकड़ने की कोशिश की। मगर वह भाग निकला। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामले में नगर कोतवाली में डीसीएम चालक के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के केशवपुर पहड़वा गांव निवासी सुधीर सिंह मौजूदा समय में शहर के आवास विकास कॉलोनी में मकान बनवाकर रहते थे। वह फातिमा इंटर कॉलेज में भौतिक विज्ञान के अध्यापक थे। सुधीर मंगलवार की देर रात करीब साढ़े दस बजे बाइक से सरकुलर रोड से आवास विकास स्थित अपने घर जा रहे थे। कॉलोनी के समीप ही सरकुलर रोड पर अनियंत्रित डीसीएम ने बाइक में साइड से टक्कर मार दी। जिससे वह बाइक समेत गिर गए, इसी बीच डीसीएम का पहिया उनके सिर पर चढ़ गया। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद भाग रहे डीसीएम चालक का पीछा कर लोगों ने पकड़ने की कोशिश की। मगर वह भाग निकला।
कोतवाल मनोज कुमार पाठक ने बताया कि शिक्षक के भाई दीपक सिंह की तहरीर पर अज्ञात डीसीएम चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
कॉलेज में श्रद्धांजलि सभा आयोजित
शिक्षक की मौत से स्तब्ध स्कूल प्रबंधन ने बुधवार की सुबह शोक सभा का आयोजन किया और श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि सभा में दो मिनट का मौन रखकर प्राचार्य अरुण मौरिस, शिक्षक संजीव अग्रवाल, राजेश टंडन, आर तोमर, मोहित श्रीवास्तव, अश्विनी श्रीवास्तव, बृजेश, एलएन पांडेय, मेनन व विनय किशोर ने संवेदनाएं प्रकट की।