मुजेहना में एआई लैब में बैठी कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की बेटियां। स्रोत: सूचना
गोंडा। जिले में बालिकाओं को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। डिजिटल युग की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 16 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में रविवार को आईसीटी (सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी) और एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) लैब का शुभारंभ किया गया। झंझरी विकासखंड के विद्यालय में एआई लैब पहले से संचालित हो रहा है।
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय मुजेहना में रविवार को डीएम प्रियंका निरंजन ने फीता काटकर एआई लैब का उद्घाटन किया। अन्य विकासखंडों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने एआई लैब का उद्घाटन किया। डीएम ने कहा कि बदलते समय में तकनीकी शिक्षा बेहद जरूरी हो गई है। इन लैब के माध्यम से छात्राएं नई तकनीक से परिचित होंगी और भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार होंगी। उन्होंने कहा कि यह पहल बेटियों को डिजिटल भारत की नई शक्ति बनने की दिशा में आगे बढ़ाएगी।
बालिका शिक्षा की जिला समन्वयक रक्क्षंदा सिंह ने बताया कि इन अत्याधुनिक लैब में छात्राओं को कोडिंग, डिजिटल टूल्स के उपयोग, एआई आधारित सॉफ्टवेयर, समस्या समाधान और रचनात्मक सोच से जुड़े विषयों का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे उनमें नवाचार और तकनीकी समझ विकसित होगी। कटरा बाजार स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय कटरा शाहजोत में विधायक बावन सिंह व बीएसए अमित कुमार सिंह ने फीता काटकर एआई लैब का शुभारंभ किया। इस दौरान छात्राओं ने गीत व नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में डीपीआरओ लालजी दूबे, खंड शिक्षाधिकारी अंजनी कुमार, अर्चना श्रीवास्तव, रवि तिवारी समेत अन्य अधिकारी व शिक्षक मौजूद रहे।