गोंडा। नगर कोतवाली क्षेत्र के पटेल नगर निवासी लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) में तैनात लिपिक संतोष कुमार वर्मा उर्फ राजन (52) को बृहस्पतिवार देर शाम कच्चे बाबा शवदाह स्थल पर नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई। बेटी हर्षिता ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान माहौल बेहद भावुक रहा।
संतोष घर में अकेले रहते थे। बुधवार को वह अपने घर के कमरे में बेड पर मृत मिले थे। सूचना पर रिश्तेदार और परिचित पहुंचे थे। पिता की मौत की सूचना पर बलरामपुर के रेहरा बाजार में मौसी सुमन के घर में रहकर पढ़ाई करने वाली बेटी हर्षिता घर पहुंची। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद परिजन उनकी अर्थी को कच्चे बाबा शवदाह स्थल ले गए। जहां अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान सभी की आंखें नम हो गईं। राजेश रायचंदानी, टीएन मिश्र, ननके प्रसाद, रामू मल्ल, अमित आनंद चौधरी, विनोद वर्मा ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
मौत का कारण स्पष्ट नहीं, विसरा सुरक्षित
गोंडा। नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि लोक निर्माण विभाग के लिपिक संतोष कुमार वर्मा उर्फ राजन की मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट नहीं हो सका है। चिकित्सक ने विसरा सुरक्षित किया है। जिसे जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा जाएगा।