गोंडा। अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में दो वर्षीय मासूम बालिका की मौत हो गई। जबकि उसकी मां समेत दो लोग घायल हो गए।
परसपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पसका निवासी प्रदीप कुमार पांडेय ने बताया कि उसके भाई कुलदीप कुमार पांडेय की पत्नी दिव्या पांडेय अपनी पुत्री काव्या (2) को लेकर शुक्रवार को ग्राम चंदापुर किटौली निवासी अमरजीत के साथ इलाज कराने परसपुर गई थी। लौटते समय अहिरन पुरवा दुरौनी के पास सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने काव्या को मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष शेषमणि पांडेय ने बताया कि प्रदीप की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही की रिपोर्ट दर्ज की गई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
इटियाथोक में बेलवा बहुता मार्ग पर बहलोलपुर के पास शनिवार सुबह डीसीएम ने एसयूवी को ठोकर मार दी। इससे एसयूवी में सवार शिक्षिका सावित्री देवी (38), नेहा (30) व चालक रवि जख्मी हो गए। जबकि एसयूवी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दोनों शिक्षिकाएं एसयूवी से अपने विद्यालय नारे महरीपुर व मिश्रौलिया बाबूराम जा रही थीं। हादसे के बाद चालक डीसीएम लेकर फरार हो गया।