गोंडा। होली के पर्व में गुझिया की मिठास व कचरी पापड़ के नमकीन जायका से स्वागत करने का परंपरा है। इस बार त्योहार के ठीक पहले घरेलू सिलिंडर के दाम में 50 रुपये की बढ़ोत्तरी हो गई। जिससे किचन में व्यंजनों की मिठास कम होगी। रसोई का बजट बिगड़ने से महिलाओं में आक्रोश है।
बुधवार को घरेलू सिलिंडर का दाम 50 बढ़ोत्तरी होकर 1160.50 रुपये कर दिया गया। कामर्शियल सिलिंडर के दाम को 350.50 रुपये बढ़कर 2260 रुपये हो गया है। घरेलू सिंलिडर के दाम बढ़ने से किचन का बजट बिगड़ गया है।
बढ़ी महंगाई पर रोक लगाए सरकार
पहले खाद्य तेलों के दाम बढ़ने से रसोई का बजट बिगड़ गया था। अब रसोई गैस के सिलिंडर पर दाम बढ़ने से घर के खर्च पर अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है। होली के पहले सिलिंडर के दाम बढ़ने से त्योहार फींका हो जाएगा। माया पाठक, गृहणी
फीकी रहेगी होली की मिठास
होली पर कई प्रकार के व्यंजन बनाया जाता था, लेकिन इस बार कम व्यंजन ही बनेंगे। हरी सब्जियों सहित सरसों व रिफाइंड तेल के दाम में तो लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। सिलिंडर के दाम बढ़ने से अब पूरे माह का किचन का बजट गड़बड़ा गया है। - पिंकी शुक्ला, गृहणी
किचन का बिगड़ गया बजट
रसोई गैस सिलिंडर के बढ़े दामों ने रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। गैस की कीमतों में बढ़ोत्तरी का सीधा असर रसोई की बजट पर पड़ेगा। सरकार को बढ़ती महंगाई कम करनी चाहिए।
- सोनिया भट्ट, गृहणी