गोंडा। बाबूपुर गांव के पास साइकिल सवार अधेड़ को तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल साइकिल सवार की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। कटरा बाजार थाना क्षेत्र के छिटनापुर अहिरनपुरवा निवासी रामबरन (55) साइकिल से रिश्तेदार के यहां जा रहे थे। तभी बाबूपुर के पास कटरा की तरफ से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। इससे रामबरन को गंभीर चोटें आईं। आसपास के लोगों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटरा बाजार पहुंचाया। जहां हालत गंभीर देख डॉक्टर ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय ने बताया कि मामले में रामबरन के बेटे गोली की तहरीर पर हादसा करने वाले बाइक सवार रंजीतपुर निवासी लालबाबू के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।