गोंडा। नगरीय निकाय निर्वाचन में टिकट वितरण के बाद से शुरू हुई भाजपा की अंतर्कलह रविवार को खुलकर सामने आ गई। भाजपा की संगठनात्मक बैठक में जमकर हंगामा हुआ। मंचासीन जिला प्रभारी व विधायकों के सामने ही पदाधिकारी आपस में भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ा कि मामला व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप व तू-तड़ाक तक पहुंच गया।
भाजपा कार्यालय में रविवार को जिला कार्यसमिति की बैठक शुरू ही हुई थी कि मंचासीन के स्वागत को लेकर भाजपा के जिम्मेदार पदाधिकारी आपस में भिड़ गए। स्वागत के लिए युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष दीपक गुप्ता का नाम पुकारा गया तो जिला उपाध्यक्ष नीरज मौर्य भड़क गए। उनका आरोप था कि जिला उपाध्यक्ष को छोड़कर मोर्चों के अध्यक्ष से कैसे स्वागत कराया जा सकता है। वह हंगामा काटते हुए मंचासीन जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप तक पहुंच गए। जिलाध्यक्ष अनुशासन बनाए रखने की नसीहत देते हुए वापस जाने को बोल ही रहे थे, तभी किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष विद्याभूषण द्विवेदी भी नीरज का समर्थन करने लगे।
जिला मंत्री विनय शर्मा कुछ बोले तो गोंडा नगर पालिका परिषद से भाजपा प्रत्याशी रहीं लक्ष्मी रायचंदानी के पति व जिला उपाध्यक्ष राजेश रायचंदानी ने ‘लट्टू वाले वापस जाओ’ का नारा लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। मामला बढ़ता देख जिला प्रभारी अवनीश सिंह ने खुद माइक संभालकर हंगामा करने वालों को कड़ी चेतावनी दी। फिर कार्यसमिति की बैठक शुरू हुई।
-
अभियान चलाकर बताएंगे सरकार की उपलब्धियां
जिला कार्यसमिति की बैठक में विभिन्न अभियान चलाकर सरकार की उपलब्धियां जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति बनी। बतौर मुख्य अतिथि जिला प्रभारी अवनीश कुमार सिंह ने कहा कि 22, 23 व 24 मई के बीच सभी 33 मंडलों में कार्यसमिति की बैठक की जानी है। उसके बाद एक से 20 मई तक प्रेस काॅन्फ्रेंस, सोशल मीडिया वालंटियर सम्मेलन, लोकसभा स्तरीय जनसभा, व्यापारी सम्मेलन, विकास तीर्थ का अवलोकन, वरिष्ठ कार्यकर्ता बैठक होगी।
जिला मीडिया प्रभारी राघवेंद्र ओझा ने बताया कि 23 जून को श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि मनाई जाएगी तथा 25 जून को पीएम के मन की बात कार्यक्रम आयोजित होगा। बैठक में सांसद कीर्तिवर्धन सिंह, विधायक प्रेमनरायन पांडेय, विनय कुमार द्विवेदी, अजय कुमार सिंह, प्रभात कुमार वर्मा व पूर्व जिलाध्यक्ष सूर्य नारायण तिवारी व रमाकांत तिवारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य महेश नारायण तिवारी, दीपक अग्रवाल, संदीप पांडेय, अनुपम प्रकाश मिश्र, अंजू खरवार, जसवंत सिंह, विनय शर्मा, पुनीत सिंह, मधुबाला वर्मा, प्रदीप मिश्र आदि मौजूद रहे।
जिला कार्यसमिति की बैठक में सांसद, एमएलसी व विधायकों समेत करीब 250 लोगों को पहुंचना था मगर कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह, एमएलसी अवधेश कुमार सिंह ‘मंजू’, सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह, कटरा बाजार विधायक बावन सिंह व मनकापुर विधायक रमापति शास्त्री बैठक में नदारद रहे।