खरगूपुर-महराजगंज मार्ग पर शुक्रवार को दो बाइकों की भिड़ंत में तीन युवक गंभीर रुप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। जहां एक युवक की इलाज के दौरान देर रात मौत हो गई, जबकि दो युवकों को इलाज चल रहा है।
इस मामले में थाना खरगूपुर में बाइक सवार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। थाना खरगूपुर क्षेत्र के झूरीकुईयां का रहने वाला कांदू उर्फ छोटकऊ (28) अपने साथी राकेश कुमार (30) निवासी हिन्दूनगर बांकी के साथ बाइक से शुक्रवार को खरगूपुर बाजार से अपने घर जा रहा था। वह दोनों खरगूपुर-महराजगंज मार्ग पर नौशहरा गांव के समीप मोड़ पर पहुंचे थे तभी सामने से आ रहे बाइक सवार छोटकऊ (35) निवासी पिरवातारा से भिड़ंत हो गई।
जिसमें तीनों गंभीर रुप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। जहां इलाज के दौरान देर रात कांदू उर्फ छोटकऊ की मौत हो गई, जबकि राकेश व छोटकऊ का इलाज चल रहा है। इस मामले में कांदू उर्फ छोटकऊ के भाई मूने ने थाना खरगूपुर में छोटकऊ के खिलाफ शनिवार को रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना खरगूपुर के प्रभारी निरीक्षक बृजेन्द्र पटेल ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।