कौडिय़ा थाना क्षेत्र के दुबहा बाजार में रहने वाले पूर्व जिला पंचायत सदस्य के घर में शनिवार की देर रात जेनरेटर का तार जोड़ते समय उनका छोटा भाई बिजली की चपेट में आकर गंभीर रुप से झुलस गया।
इलाज के लिए परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक हादसे से चार दिन पहले घर में बिखरी वैवाहिक खुशियां मातम में बदल गई और परिजनों मे कोहराम मच गया।
कौडिय़ा थाना क्षेत्र के दुबहा बाजार के रहने वाले पूर्व जिला पंचायत सदस्य जसवंतलाल सोनकर के घर में तीन दिन पहले मझले भाई जितेंद्र की शादी थी। घर में नई नवेली दुल्हन के आने से पूरे घर में उत्सव का महौल था।
जसवंत लाल सोनकर के मुताबिक शनिवार को भीषण गर्मी थी और बिजली भी बार बार कट रही थी। रात करीब आठ बजे बिजली न होने के कारण उनका छोटा भाई धमेंद्र 22 घर मेें लगे जेनरेटर का तार जोडने के लिए गया था।
जसवंत लाल का कहना है कि धमेंद्र तार जोड़ ही रहा था कि अचानक बिजली आ गई और वह करंट की चपेट में आकर गंभीर रुप से झुलस गया। धमेंद्र को इलाज के लिए मुख्यालय के एक निजी नर्सिंग होम लाया गया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। धमेंद्र की मौत से पूरे घर में कोहराम मच गया और शादी की खुशियां मातम में बदल गई।