शहर के एक युवक की कुछ लोगों ने पिटाई करने के बाद चाकू से गोदकर हत्या कर दी। इसके बाद उसका शव लक्ष्मन नगर हरिवंश गांव के पास एक खेत में फेेंक दिया। ग्राम प्रधान की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद कर उसकी मां की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। लोगों ने घटना के विरोध में जाम लगाया।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मनकापुर बस स्टाफ निवासी सलमान (30) पुत्र कासिम की रविवार की रात में कुछ लोगों ने पिटाई करने के बाद उसकी चाकू से गोदकर हत्या कर दी। इस बाबत नगर कोतवाल बृजेश सिंह ने बताया कि पहले उन्हें सोमवार को क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मन हरिवंश के ग्राम प्रधान शोभाराम ने खेत में एक शव पड़ा होने की सूचना दी थी। पुलिस ने शव को सोमवार देर शाम बरामद कर लिया। शिनाख्त न होने के कारण उसे अज्ञात में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
कोतवाल ने बताया कि मंगलवार को मृतक की मां सकलैन के अनुसार उसके बेटे सलमान से उसके दो-तीन साथी रंजिश रखते थे। रविवार की रात में 11 बजे उसके साथी आए और सलमान को बुला ले गए और हत्या कर दी। मंगलवार को उन लोगों को जानकारी हुई।
इसके विरोध में मंगलवार की शाम मनकापुर बस स्टेशन के पास गोंडा-उतरौला मार्ग पर लोगों ने प्रदर्शन कर हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग की। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर परिवारीजनों को आश्वासन दिया कि शीघ्र ही हत्यारों का पता लगा लिया जाएगा। इसके बाद वे शांत हो गए।
कोतवाल बृजेश सिंह ने बताया कि युवक की हत्या के मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही हत्या की घटना का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।