बाराबंकी से देवा मेला देख कर बाइक से घर लौट रहे चाचा-भतीजे को एक मिनी बस ने टक्कर मार दिया। बाइक के पीछे बैठे भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चला रहा चाचा घायल हो गया। इस दौरान बस चालक मौके से भाग निकला। मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। बस को पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है। बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था।
थाना क्षेत्र परसपुर के ग्राम शाहपुर निवासी झब्बार ने तहरीर देकर बताया कि उनका चचेरा भाई अनीस बाइक से बाराबंकी में देवा मेला देखने गया था। उनके साथ उनका बेटा शहबान भी था। बुधवार सुबह वे लोग मेला से लौट रहे थे। बाइक भाई अनीस चला रहा था और शहबान पीछे बैठा था। सुबह करीब सात बजे टेपरा कॉलोनी भटपुरवा के पास एक बस शाहपुर की तरफ से निकली और बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में शहबान की मौके पर ही मौत हो गई और अनीस गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद बस छोड़कर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया। मृतक शहबान के पिता की तहरीर पर थाने में अज्ञात चालक के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। एसओ हर्षवर्धन सिंह ने बताया की अज्ञात चालक विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर शव का पंचनामा कर पीएम के लिए भेज दिया गया है।