दरिंदों ने एक महिला की हत्या कर शव को बस्ती-फैजाबाद हाईवे के पास गेहूं के खेत में फेंक दिया। शव देखने में एक सप्ताह पुराना लग रहा है। ग्रामीणों ने महिला के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इससे पहले भी थाना नवाबगंज क्षेत्र दो बच्चियों की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। इसी थाना क्षेत्र में एक सप्ताह बाद तीसरी घटना से लोग दहशत में हैं। महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
थाना नवाबगंज क्षेत्र के बस्ती-फैजाबाद हाईवे के लोलपुर गांव के पास सड़क किनारे एक 40 वर्षीया महिला की हत्या कर शव फेंक दिया गया। रविवार सुबह खेत गए एक व्यक्ति ने महिला का शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने के लिए गांव वालों से पूछताछ की। मगर शिनाख्त नहीं हो सकी। ग्रामीणों का कहना है कि शव एक सप्ताह पहले फेंका गया है। जिससे वह क्षत-विक्षत हो गया है। ग्रामीणों ने महिला के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है।
इससे पहले इसी थाना क्षेत्र के लोलपुर गांव से सटे इस्माइलपुर गांव में दो बालिकाओं की हत्या कर शव फेंका गया था। वारदात के पांच दिन बाद ही तीसरी हत्या की घटना ने पुलिस की परेशानी बढ़ा दी है। एक सप्ताह के अंदर हुई तीन हत्याओं से क्षेत्र के लोग दहशत में है। थानाध्यक्ष नवाबगंज दद्दन सिंह ने बताया कि शव कहीं और से लाकर यहां डाला गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।