इटियाथोक थाना क्षेत्र के पन्ना बगुलहा गांव के मजरे तकिया में शनिवार को खेत की तरफ गई दो सहेलियां एक साथ फांसी के फंदे से लटक गई। इस दर्दनाक हादसे में एक युवती की मौत हो गई जबकि पेड़ से नीचे गिर जाने के कारण दूसरी की जान बच गई।
रास्ते से गुजर रहे राहगीरों ने जब पेड़ पर लटक रहे युवती के शव को देखा तो इसकी सूचना उनके परिजनों समेत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बेहोश पड़ी एक युवती को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया जबकि दूसरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
इटियाथोक थाना क्षेत्र के पन्ना बगुलहा गांव के मजरे तकिया के रहने वाले स्व. शौकत की बेटी नाजरीन (18) व उसके पड़ोसी हिदायत अली की बेटी सईदुन्निशा (20) आपस में सहेलियां थी। हिदायत अली की पत्नी मोमिना के मुताबिक उन्होंने अपने बेटी की शादी एक साल पहले बहराइच के कल्पीपारा मोहल्ले में की है।
सईदुन्निशा दो माह पहले ही मायके आई थी। अस्पताल में भर्ती सईदुन्निशा ने बताया कि शनिवार दोपहर के वह अपने सहेली नाजरीन के साथ नवाब अली के बाग की तरफ लिए गई थी। सईदुन्निशा ने बताया कि जब दोनों बाग में पहुंची तो अचानक सरसराहट की आवाज सुनकर दोनों डर गई और बाग में ही एक आम के पेड़ पर चढ़ गईं।
सईदुन्निशा के अनुसार दोनों ने एक साथ अपने दुपट्टे का फंदा बनाया और एक साथ फंदे से लटक गई। इस हादसे में नाजरीन की मौके पर ही मौत हो गई जबकि सईदुन्निशा का दुपट्टा खुल गया और वह पेड़ से नीचे गिरकर बेहोश हो गई।
कुछ देर बाद जब वहां से गुजर रहे राहगीरों की नजर पेड़ से लटक रही युवती पर पड़ी तो इसकी सूचना उसके परिजनों समेत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने नाजरीन के शव को नीचे उतारा लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने बेहोश सईदुन्निशा को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां होश में आने पर उसने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
पुलिस ने नाजरीन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि इस मामले में किसी ने कोई तहरीर नही दी है। वहीं इस हादसे के बाद तकिया गांव में मातम पसर गया है। नाजरीन की मां सरीफा का कहना है कि जब उनकी बेटी घर से बाहर गई तो वह घर में सो रही थी।