मकोलिया गांव निवासी एक युवक ने अपनी नवविवाहित पत्नी की हत्या करके शव कब्रिस्तान में दफन कर दिया। नवविवाहिता से मिलने उसकी बहन ससुराल पहुंची तो पति ने उसके लापता होने की बात कही। इस पर बहन ने रिसिया थाने में पति समेत चार लोगों के खिलाफ तहरीर देकर उसे गायब करने का आरोप लगाया। हत्या की आशंका भी जताई।
पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया और दो दिन के भीतर पत्नी को तलाशने की हिदायत देकर छोड़ दिया। जिसके बाद बुधवार सुबह पति ने थाने जाकर पत्नी की हत्या कर शव कब्रिस्तान में दफन करने की जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया। एसओ की सूचना पर मजिस्ट्रेट ने तहसीलदार को गुरुवार सुबह कब्र खोदवाकर शव निकालकर पोस्टमार्टम कराने का निर्देश दिया है।
रिसिया के मकोलिया गांव निवासी हफीज का निकाह गोंडा के इटियाथोक के बैजपुर गांव की रहने वाली शबाना (30) के साथ कुछ दिनों पूर्व ही हुआ था। इस शादी से नाखुश हफीज आए दिन शबाना को पीटता था।
बीते सप्ताह भर पूर्व शबाना ने अपनी बहन सायरा बानो को फोन कर इसकी जानकारी दी थी। इसके चलते तीन दिन पहले सायरा बानो गोंडा से उससे मिलने मकोलिया गांव पहुंची। जहां पति व ससुराल वालों ने शबाना के रहस्यमय तरीके से लापता होने की बात कही। मामला संदिग्ध प्रतीत होनेे पर सायरा बानो ने रिसिया थाने में हफीज समेत चार लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दे दी। उसने शबाना की हत्या की आशंका भी जताई।
इस पर पुलिस ने हफीज को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। ग्राम प्रधान मोहम्मद अली के पैरवी करने पर पुलिस ने दो दिन में पत्नी को तलाशने की सख्त हिदायत देकर मंगलवार को हफीज को छोड़ दिया। इसके बाद बुधवार सुबह हफीज खुद थाने पहुंचा और तीन दिन पहले शबाना की हत्या कर शव कब्रिस्तान में दफन करने की बात स्वीकारी। इस पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष अशरफ परवेज ने एसपी को सूचना दी। जिसके बाद मजिस्ट्रेट ने कब्र खोदवाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने का आदेश दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी पति समेत चार के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। गुरुवार सुबह कब्र खोदवाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।
माह भर पूर्व हफीज गोंडा की शबाना को बहलाकर मुंबई भगा ले गया था। वहां उसने शबाना को बेचने की कोशिश की मगर जिसके हाथ सौदा किया, वह कम पैसे दे रहा था। इसी बात को लेकर विवाद होने पर मामला पुलिस तक पहुंच गया। मुंबई पुलिस ने सुलह कराकर शबाना का निकाह हफीज से करा दिया था। इसके बाद हफीज उसे लेकर गांव आ गया था।