अवैध आरा मशीन के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान रविवार दोपहर खरहटिया गांव में अवैध आरा मशीन उखाड़कर वापस लौट रही वन विभाग की टीम पर जीप सवार बदमाशों घेर कर हमला कर दिया। हमले के दौरान वहां अफरा-तफरी मच गई।
हमलावरों ने वन विभाग की टीम को हॉकी, डंडों से पीटा। हमले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक हमलावर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने जीप को कोतवाली लाकर सीज कर दिया है। इस मामले में वन रक्षक ने कोतवाली नगर में तीन हमलावरों के खिलाफ मारपीट, सरकारी कर्मचारी पर हमला व सरकारी काम में बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
वन अधिकारी ओम प्रकाश लाल ने बताया कि अवैध आरा मशीनों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। वनाधिकारी के मुताबिक उनके नेतृत्व में 15 सदस्सीय टीम ने रविवार की दोपहर उतरौला रोड पर स्थित खरहटिया गांव के पास चल रही दो अवैध आरा मशीनों पर छापा मारा तो वहां बड़े पैमाने पर लकड़ी की चिरान होती मिली।
टीम ने अवैध आरा मशीनों को उखाड़ दिया और उसे एक गाड़ी में लदवाकर वापस लौट रही थी। टीम के लोग उतरौला रोड पर रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचे थे। रेलवे क्रॉसिंग बंद मिली, टीम के लोग रेलवे क्रासिंग खुलने का इंतजार कर रहे थे।
इसी बीच जीप सवार अवैध आरा मशीन के संचालक पवन वर्मा और उसके साथी दिलीप वर्मा, बृजेश वर्मा व अन्य साथियों ने टीम पर हमला कर दिया। बदमाशों ने टीम के सदस्यों को हॉकी-डंडों से जमकर पीटा।
हमले के दौरान वहां अफरा-तफरी मच गई। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पवन वर्मा को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके अन्य साथी फरार हो गए। पुलिस ने जीप को थाने लाकर सीज कर दिया है।
इस मामले में वन रक्षक नंदूराम ने कोतवाली नगर में अवैध आरा मशीन के संचालक पवन वर्मा, दिलीप वर्मा, बृजेश वर्मा व अन्य के खिलाफ मारपीट, बलबा, सरकारी कर्मचारी पर हमला व सरकारी काम में बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि एक अभियुक्त पवन वर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।