महराजगंज तराई (बलरामपुर)। थाना क्षेत्र के सेहरिवा गांव में बुधवार सुबह फूूस के मकान में अज्ञात कारणों से लगी आग में वृद्ध दादी तथा मासूम पोती की सोते समय जलकर मौत हो गई। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य खेतों में काम करने गए थे। ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया।
वहीं, तीन गांवों में आग लगने से 56 मकान जलकर राख हो गए। एक व्यक्ति की घर में रखे 55 हजार रुपये आग की भेंट चढ़ गए। उधर, ट्रांसफार्मर की चिंगारी से आठ बीघा गेहूं की फसल भी राख हो गई। 25 बीघा लीची का बाग भी आग में जल गया।
महरागंज तराई थाना क्षेत्र के सेहरिवा गांव निवासी केशवराम के फूस के मकान में सुबह अज्ञात कारणों से आग लग गई। घटना के समय केशवराम की मां कोयला देवी (65) तथा पांच वर्षीय बच्ची सजनी घर में सो रही थी। परिवार के अन्य सदस्य खेत में काम करने गए थे। आग में घिरे दादी कोयला देवी तथा पोती सजनी की जलकर मौत हो गई।
आसपास के लोगों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर तो काबू पा लिया, लेकिन दादी व पोती को नहीं बचा सके। इस घटना ने केशवराम के परिवार को झकझोर कर रख दिया है। मौके पर पहुंचे तुलसीपुर ब्लॉक प्रमुख शफीक अहमद ने पीड़ित परिवार को दस हजार रुपये की मदद दी तथा हरसंभव सहयोग करने का आश्वासन दिया।
वहीं, पचपेड़वा थाना क्षेत्र के ग्राम कल्यानपुर बरगदवा में मंगलवार देर रात जुमाई के घर में अज्ञात कारणों से लगी आग से पड़ोसी आंधी, नंदलाल, रामफेरन, छोटेलाल, हरीलाल, मोहम्मद सई, साहिल, गुड्डू व जुम्मन समेत 16 लोगों के घर व सामान जल गया। जुम्मन के घर में रखे 55 हजार रुपये भी आग में जलकर राख हो गए। राजस्व निरीक्षक वीरेंद्र भट्ट ने क्षति का आकलन किया है।
वहीं, रेहरा बाजार थाना क्षेत्र के सराय खास गांव में ट्रांसफार्मर की चिंगारी से दिलीप वर्मा के गेेहूं के खेत में आग लग गई। दिलीप के खेत के पास नलकूप का ट्रांसफार्मर लगा है। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर से गेेहूं की फसल रौंदकर आग पर काबू पा लिया। आग से करीब आठ बीघा गेहूं की फसल जल गई।
उधर, बुधवार शाम पचपेड़वा थाना क्षेत्र के भगवानपुर खादर गांव में हंसराम के घर अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग से चिनके, छोटे, किशुन, प्रह्लाद, विष्णु प्रसाद, केशव, श्याम व विजय बहादुर समेत 11 लोगों के घर जल गए। ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया।
उतरौला कोतवाली क्षेत्र के गोलीजोत गांव में इब्राहिम का 25 बीघे का लीची का बाग आग से जलकर तबाह हो गया। हरैया थाना क्षेत्र के ग्राम परसपुर के मजरा कमदा में रामनाथ गुप्ता के घर अज्ञात कारणों से लगी आग से राम अचल, सरजू, बृजलाल, चुन्नी लाल, भभूति, रामदीन, दुखहरन प्रताप, गंगाराम, रामफेरे, सत्यनरायन, राम अधार, मनमोहन व केशवराम सहित 29 लोगों के घर जलकर राख हो गए। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया।