। परसपुर थाना क्षेत्र के बसंतपुर आटा गांव में अवैध खनन रोकने गए एक लेखपाल पर दो लोगों ने हमला बोल दिया। आरोप है कि खनन कर रहे लोगों ने लेखपाल को ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास किया। लेखपाल को जान बचाकर मौके से भागना पड़ा।
इस मामले में लेखपाल ने दो लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला करने, सरकारी काम में बाधा पहुंचाने व खनन अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है। तरबगंज तहसील क्षेत्र के बसंतपुर आटा गांव के लेखपाल बब्बन सिंह के मुताबिक शुक्रवार को उन्हे बसंतपुर आटा में अवैध रूप से बालू खनन किए जाने की सूचना मिली थी।
इस सूचना पर जब वह मैके पर पहुंचे तो कुछ लोग ट्रैक्टर ट्राली लेकर अवैध रूप से बालू खनन कर रहे थे। लेखपाल का कहना है कि जब उन्होंने खनन कर रहे लोगों को ललकारा तो बसंतपुर आटा गांव के ही पृथ्वीराज सिंह व उनके बेटे पंकज सिंह ने उन पर जानलेवा हमला दिया।
लेखपाल का आरोप है कि दोनों ने उन्हें ट्रैक्टर ट्राली से कुचलकर जान से मार डालने का प्रयास किया। अपनी जान बचाने के लिए लेखपाल को वहां से भागना पड़ा। इसकी सूचना लेखपाल ने परसपुर थाने पर दी तो मौके पर पुलिस पहुंची लेकिन तब तक खनन करने वाले लोग जा चुके थे।
लेखपाल बब्बन सिंह ने पृथ्वीराज व उसके बेटे पंकज के खिलाफ परसपुर थाने में जानलेवा हमला करने, सरकार काम में बाधा पहुंचाने व खनन अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष गोरखनाथ सरोज ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।