जिले से खाकी का इकबाल किस कदर खत्म हो चुका है इसका नमूना मंगलवार की शाम को देहात कोतवाली क्षेत्र के खोरहंसा पुलिस चौकी के निकट पूरे तिवारी गांव में बीच सड़क पर देखने को मिला। खाकी की मौजूदगी में ही भूमि विवाद को लेकर भिड़े दो पक्ष के लोगों ने न सिर्फ एक दूसरे पर ईंट-पत्थर बरसाए बल्कि पुलिस के मना करने पर दो सिपाहियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस दौरान करीब आधा घंटे तक हाईवे जाम रहा।
इस मामले में एक सिपाही की तहरीर पर देहात कोतवाली में 11 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। वहीं मामले में एक पक्ष के सोनू व दूसरे पक्ष के दोस अली ने 25 लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। जिस पर पुलिस ने दोनों पक्षों के 15 लोगों को हिरासत में लिया है।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के खोरहंसा पुलिस चौकी के निकट पूरे तिवारी गांव के गोंडा-फैजाबाद हाईवे के किनारे बसा हुआ है। इसी गांव के पूर्व प्रधान सोनू का गांव के ही दोस अली व इस्लाम से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। मंगलवार की शाम को रास्ते के मामले को लेकर दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और मारपीट होने लगी। दानों पक्षों के लोग हाईवे पर ही ईंट-पत्थर बरसाने लगे।
इस घटना से हाईवे पर आवागमन ठप हो गया और सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस मारपीट की सूचना किसी ने पुलिस कंट्रोल रूम को दे दी। खोरहंसा चौकी प्रभारी सर्वेश सिंह का कहना है कि सौ नंबर की सूचना पर उन्होंने चौकी के दो सिपाहियों मुकेश भाष्कर व सुकमत यादव को मौके पर भेजा था।
दोनों सिपाहियों ने वहां पहुंचकर लोगों को समझाना बुझाना शुरू किया तभी सोनू पक्ष के लोगों ने सिपाहियों पर हमला बोल दिया। दोनों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। इस हमले में मुकेश का सिर फट गया और सुमित के पैर में चोटें आई हैं। चौकी प्रभारी ने बताया कि दोनों सिपाही किसी तरह जान बचाकर चौकी पहुंचे और घटना की जानकारी दी।
पुलिसकर्मियों पर हमले की सूचना पर पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक रवींद्र कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर भरत यादव समेत नगर कोतवाली व देहात कोतवाली के साथ बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स पहुंची तो हमलावर भाग खड़े हुए। इस दौरान करीब आधे घंटे तक गोंडा-फैजाबाद हाईवे जाम रहा। पुलिस के आला अधिकारियों के पहुंचने के बाद जाम खुल सका। इस मामले में घायल सिपाही मुकेश भाष्कर ने सोनू समेत 11 लोगों के खिलाफ देहात कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जल्द गिरफ्तार होंगे आरोपी
पुलिस पर हमला करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। गांव में ऐतिहात के तौर पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
-सुधीर कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक