धानेपुर थाना क्षेत्र के रामपुर दुबावल गांव में रविवार को जमीन विवाद को लेकर कुछ लोगों ने पुलिस की मौजूदगी में एक व्यक्ति का मड़हा फूंक दिया और उसकी चरनी तोड़ दी। घटना के समय पुलिस खड़ी देखती रही। इस मामले में पीड़ित ने थाना धानेपुर में तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि जमीन विवाद की सूचना पर वह मौके पर गई थी। इसी बीच एक महिला ने मड़हे में आग लगा दी, जिससे वह जलकर राख हो गया।
धानेपुर थाना क्षेत्र के रामपुर दुबावल गांव के रहने वाले सुकई ने बताया कि उसके घर के सामने आबादी की जमीन है, जिस पर वह काबिज था। सुकई की उसी जमीन पर गांव का एक व्यक्ति कब्जा करना चाहता था।
रविवार की सुबह वह अपने साथियों संग वहां आ पहुंचा और जमीन पर कब्जा करने लगा। जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने उसका मड़हा फूंक दिया और पशुओं के लिए बनी चरनी तोड़ दी। यही नहीं, आरोपी ने उसे मारने के लिए दौड़ा लिया, उसे जान बचाकर वहां से भागना पड़ा।
सुकई का आरोप है कि जिस समय मड़हा फूंका गया, उस समय थाना धानेपुर के एक दरोगा व सिपाही मौके पर मौजूद थे। इस मामले में सुकई ने थाना धानेपुर में तहरीर दी है।
उधर, उपनिरीक्षक विनोद गुप्ता का कहना है कि जमीन विवाद की सूचना पर वह मौके पर जांच करने गए थे। वहां जांच के दौरान ही दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। इसी बीच एक महिला ने मड़हा फूंक दिया। थानाध्यक्ष धानेपुर रामाश्रय राय का कहना है कि सूचना मिली है। मौके पर जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।