उधार के रुपये मांगने पर बीती शाम दो दबंग युवकों ने एक किराना दुकानदार को न सिर्फ जमकर पीटा, बल्कि विरोध करने पर देर रात उसकी दुकान में आग लगाकर उसे जला दिया। इससे किराने की पूरी दुकान जल गई। पीड़ित दुकानदार ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए बालपुर पुलिस चौकी में दो लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के बालपुर हजारी गांव का रहने वाला बृजमोहन मिश्रा बालपुर परसपुर मार्ग पर ढाबली रखकर किराने की दुकान करता है। ढाबली पर ही उसने छप्पर भी रखा हुआ है। बृजमोहन का कहना है कि बुधवार की शाम करीब छह बजे देहात कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुर गांव के रहने वाले अर्जुन उपाध्याय व बृजेश कुमार उसकी दुकान पर आए और सिगरेट मांगी।
बृजमोहन ने बताया कि दोनों ने पहले भी उससे पांच सौ रुपये उधारी ले रखी है। सिगरेट देने के बाद जब उसने सिगरेट व उधारी के रुपये मांगे तो दोनों भड़क गए और बृजमोहन को जमकर पीटा। आसपास मौजूद लोगों ने बीचबचाव कराकर मामला शांत करा दिया।
दोनों बृजमोहन को देख लेने की धमकी देकर चले गए। इसके बाद बृजमोहन दुकान बंद कर अपने गांव चला गया। बृजमोहन का कहना है कि रात करीब 11 बजे जब उसने अपनी दुकान से आग की लपटें उठती देखीं तो भागकर वह दुकान पहुंचा। उसे देखकर दोनों लोग भाग खड़े हुए।
बृजमोहन का आरोप है कि उधारी के रुपये मांगने पर दोनों लोगों ने रात में आकर उसकी ढाबली व छप्पर में आग लगा दी, जिससे उसकी पूरी दुकान जलकर राख हो गई। इस मामले में बृजमोहन ने दोनों को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए बालपुर पुलिस चौकी पर तहरीर दी है। चौकी प्रभारी रामदयाल यादव ने बताया कि तहरीर मिली है। घटना की जांच की जा रही है।