गोंडा। रेल टिकट की तत्काल बुकिंग में हेराफेरी करने वाले आरक्षण बाबू अजय कुमार शुक्ला को निलंबित कर दिया गया। बताते हैं कि बाबू पर टिकटों की हेराफेरी करने का आरोप था, जिसकी जांच के लिए रविवार को आरपीएफ ने आरक्षण कार्यालय में छापेमारी की। जहां तलाशी के दौरान बाबू की दराज से एक तत्काल टिकट मिलने पर सीनियर डीसीएम आशीष भाटिया ने आरक्षण बाबू अजय कुमार शुक्ला को निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं। रेलवे में तत्काल बुक होने वाले टिकट की हेराफेरी का खेल जिले में काफी समय से चल रहा है। इसकी कई बार अधिकारियों से शिकायत भी हो चुकी है। इसी की जांच के लिए रविवार की सुबह आरपीएफ इंस्पेक्टर एमके खां ने तीन जवानों के साथ आरक्षण दफ्तर में छापेमारी की। बतौर इंस्पेक्टर तलाशी के दौरान उन्हें आरक्षण बाबू अजय कुमार शुक्ल की दराज से गोंडा से बांद्रा जाने वाली अवध एक्सप्रेस के एसी थर्ड क्लास का एक रेल टिकट नंबर 23410303 बरामद हुआ। इस रेल टिकट पर नाम सिर्फ दो लोगों का अंकित है, जबकि टिकट तीन लोगों का बना हुआ है। इसके आधार पर इसका 6225 रुपये है। आरक्षण बाबू की दराज से मिले इस टिकट को आरपीएफ ने अपने कब्जे में लेने के बाद पूरे मामले की सूचना रेल अधिकारियों को दी। इस पर सीनियर डीसीएम आशीष भाटिया ने तत्काल टिकट बुकिंग में हेराफेरी करने के आरोप में आरक्षण बाबू अजय कुमार शुक्ल को निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच के लिए विभागीय टीम भी गठित की गई है। आरपीएफ इंस्पेक्टर एमके खां ने बताया कि आरक्षण बाबू अजय कुमार शुक्ल के खिलाफ रेल टिकट की हेराफेरी करने के आरोप में रेलवे एक्ट की धारा 143 के तहत मामला दर्ज किया गया है।