छिटनापुर गांव में शुक्रवार देर रात एक घर की पिछली दीवार में सेंध लगाकर चोरों ने 23 हजार रुपये व एक लाख के जेवरात पार कर दिए। इस मामले में कटराबाजार थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
कटराबाजार थाना क्षेत्र के छिटनापुर गांव के रहने वाले श्यामप्रसाद शुक्ल उर्फ बाबू ने बताया कि शुक्रवार की शाम खाना खाने के बाद सभी परिवारीजन घर के आगे कमरे में सो रहे थे।
तभी देर रात घर की पिछली दीवार में चोरों ने सेंध लगा दी कमरे में संदूक में रखे 23 हजार रुपये, सोने की चेन, झुमकी, मंगलसूत्र, पायल व कपड़े आदि उठा ले गए।
चोरी होने की जानकारी परिवारीजनों को शनिवार सुबह तब हुई, जब वह सोकर उठे। श्याम प्रसाद शुक्ल ने चोरी गए जेवरातों की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई है।
इस मामले में श्याम प्रसाद शुक्ल ने थाना कटरा बाजार में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। थानाध्यक्ष कटरा बाजार शशिकांत यादव ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की छानबीन की जा रही है।