कोर्ट के स्थगन आदेश के बावजूद पुलिस द्वारा विवादित जमीन पर जबरन कब्जा कराने का आरोप पीड़ित ने लगाया है। पीड़ित का कहना है कि पुलिस के साथ-साथ सत्ता पक्ष के लोग भी विपक्षी की मदद कर रहे हैं। पीड़ित ने डीआईजी, डीएम व एसपी को प्रार्थना पत्र देकर अवैध निर्माण रोके जाने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
डीआईजी, डीएम तथा एसपी को दिए गए प्रार्थना पत्र में पचपेड़वा थाना क्षेत्र के ग्राम रेहरा निवासी बरसाती लाल यादव ने कहा है कि उनका गांव में जमीन का विवाद विपक्षी से चल रहा है। न्यायालय ने विवादित भूमि गाटा संख्या 174 कुल रकबा 14 डिस्मिल पर स्थगन आदेश दे रखा है।
बरसाती का आरोप है कि पचपेड़वा थानाध्यक्ष विपक्षी भगौती प्रसाद से साठगांठ कर जमीन पर अवैध कब्जा करवा रहे हैं। विपक्षी शनिवार को जमीन पर नींव खोद दीवार का निर्माण कर रहा है। बरसाती का यह भी कहना है कि उन्होंने मामले की शिकायत थानाध्यक्ष से की तो थानाध्यक्ष उन्हें पूरे परिवार को फर्जी मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी है। बरसाती का कहना है कि विपक्षी को सत्ता पक्ष के लोग भी मदद दे रहे हैं।
बरसाती ने अधिकारियों से जमीन पर हो रहा अवैध निर्माण रोके जाने तथा मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है। इस संबंध में थानाध्यक्ष पचपेड़वा ज्ञानेन्द्र पांडेय ने बताया कि भगौती प्रसाद अपनी बैनामाशुदा जमीन पर निर्माण करा रहे हैं। बरसाती द्वारा लगाए गए आरोप पूरी तरह से निराधार व बेबुनियाद हैं।