इटियाथोक थाना क्षेत्र के तिर्रेमनोरमा गांव में रविवार देर रात जमीन के विवाद व चुनावी रंजिश को लेकर प्रधान पद के प्रत्याशी व उसके बेटे पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। जिसमें ग्राम प्रधान पद के प्रत्याशी तो बाल-बाल बच गए, मगर उनका बेटा घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस मामले में प्रधान पद के प्रत्याशी ने निवर्तमान ग्राम प्रधान समेत आठ लोगों के खिलाफ इटियाथोक थाने में जानलेवा हमला, बलवा व धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इटियाथोक थाना क्षेत्र के तिर्रेमनोरमा गांव निवासी विनय कुमार सिंह ने बताया कि उनका गांव के ही रहने वाले निवर्तमान ग्राम प्रधान अमर सिंह से ग्राम समाज के तालाब की खुदाई को लेकर विवाद चल रहा है।
विनय कुमार के मुताबिक इसी बीच वह ग्रामसभा तिर्रेमनोरमा से ग्राम प्रधान पद का चुनाव लड़ने लगा।
विनय का आरोप है कि इसी रंजिश को लेकर रविवार सुबह 10 बजे अमर सिंह अपने साथियों संग उसके घर पर आ धमके और परचा वापस लेने की धमकी देकर चले गए।
जब उसने परचा वापस लेने से इन्कार कर दिया तो देर रात वह दोबारा अपने सात साथियों संग लाठी-डंडा व असलहे लेकर उसके घर पर आ धमके और उस पर व उसके बेटे पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
इसमें वह (विनय कुमार सिंह) तो बाल-बाल बच गए, मगर उनका बेटा इंद्रजीत सिंह (22) घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस मामले में ग्राम प्रधान पद के प्रत्याशी विनय कुमार सिंह ने इटियाथोक थाने में तिर्रेमनोरमा गांव के रहने वाले निवर्तमान ग्राम प्रधान अमर सिंह, विजय बहादुर सिंह उसके बेटे संजय सिंह, उदयचंद्र सिंह, संतोष सिंह, रामकुमार सिंह, बहराइच के रहने वाले राजेश सिंह व गुलाब सिंह के खिलाफ जानलेवा हमला, बलवा व धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
इटियाथोक थाने के प्रभारी निरीक्षक इंतखाब खां ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।