बैंक मैनेजर से पूछताछ करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
इलाहाबाद बैंक की गाड़ी बाजार करनैलगंज शाखा से सोमवार को सुबह रुपये निकालकर बाइक से इलाहाबाद बैंक की शाखा कटुआ नाला जा रहे बैंक अधिकारियों से बाइक सवार तीन लुटेरों ने तमंचा सटाकर नौ लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया। सूचना के बाद अपर पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर बैंक कर्मियों से घटना के बारे में जानकारी ली। इस मामले में बैंक प्रबंधक ने थाना कटरा बाजार में बाइक सवार तीन लुटेरों के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कटराबाजार थाना क्षेत्र के इलाहाबाद बैंक की शाखा कटुआनाला के प्रबंधक पंकज कुमार द्विवेदी ने बताया कि सोमवार की सुबह वह बैंक के उप प्रबंधक ऋषभ रस्तोगी के साथ इलाहाबाद बैंक की गाड़ी बाजार करनैलगंज शाखा से नौ लाख रुपये एक बैग में लेकर बाइक से कटुआनाला शाखा के लिए निकले थे।
शाखा प्रबंधक के मुताबिक कटुआनाला मार्ग पर जब वह दोनों रायपुर बगिया के पास पहुंचे, तभी वहां रास्ते में पहले से खड़े बाइक सवार तीन लुटेरों ने सड़क पर मोटरसाइकिल आड़ी-तिरछी खड़ी कर दी। पास पहुंचने पर लुटेरों ने उन्हें तमंचा सटा दिया और नौ लाख रुपयों से भरा बैग लूट लिया।
शाखा प्रबंधक ने बताया कि लुटेरों ने उनका मोबाइल फोन व बाइक की चाबी छीन ली और कटुआ नाला की ओर भाग निकले। सूचना पर थाना कटरा बाजार व कौड़िया पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। अपर पुलिस अधीक्षक रवींद्र कुमार सिंह ने शाखा प्रबंधक से घटना की जानकारी ली।
शाखा प्रबंधक पंकज कुमार द्विवेदी ने थाना कटरा बाजार में बाइक सवार लुटेराें के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष कटरा बाजार विनोद सिंह यादव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। लुटेरों की तलाश की जा रही है।