मोतीगंज थाना क्षेत्र के तेंदुआ भगत गांव में रविवार देर रात दहेज में दो लाख रुपये, बाइक व सोने की चेन न मिलने पर ससुराल वालों ने विवाहिता को मारकर घर के एक कमरे में छत के हुक से साड़ी के फंदे पर लटका दिया। इस मामले में महिला के पिता ने थाना मोतीगंज में पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के भरथौली गांव निवासी अमेरिका दत्त तिवारी ने सोमवार को मोतीगंज थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि उसने अपनी बेटी रीना (22) की शादी तीन साल पहले थाना मोतीगंज क्षेत्र के तेंदुआ भगत गांव के रहने वाले मालिकराम पांडेय के बेटे दुर्गेश पांडेय के साथ की थी।
शादी के कुछ दिनों बाद ही ससुराल वाले दहेज में दो लाख रुपये, मोटरसाइकिल व सोने की चेन की मांग करने लगे। इसके लिए ससुरालीजन रीना को प्रताड़ित किया करते थे। दहेज की मांग पूरी न होने पर रविवार देर रात ससुराल वालों ने रीना को मारकर घर के एक कमरे में छत के हुक से साड़ी के फंदे पर लटका दिया।
बेटी के ससुराल के गांव वालों से मिली सूचना के बाद जब वह रीना के घर पहुंचा तो उसका शव फंदे से लटकता मिला। इस मामले में अमेरिका दत्त तिवारी ने मोतीगंज थाने में पति दुर्गेश पांडेय, ससुर मालिकराम पांडेय, सास प्रभावती पांडेय, देवर लालबाबू उर्फ अरुण व लालबाबू की पत्नी के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थानाध्यक्ष मोतीगंज अवधेश राज सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियोें को पकड़ लिया जाएगा।