डुमरियाडीह मार्ग पर कहोबा मोड़ के पास स्थित एक सर्राफ की दुकान का ताला तोड़कर गुरुवार देर रात चोरों ने 70 हजार रुपये के जेवरात व बर्तन पार कर दिए। इस मामले में सराफा व्यवसायी ने मोतीगंज थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं, पुलिस का कहना है कि चोरी होने की जानकारी नहीं है।
वजीरगंज थाना क्षेत्र के मजगंवा गांव के रहने वाले सुरेश यादव ने बताया कि वह डुमरियाडीह मार्ग पर कहोबा मोड़ के पास सराफा व बर्तन की दुकान करता है।
सुरेश के मुताबिक गुरुवार की शाम वह दुकान में ताला लगाकर अपने घर चला गया था। इसी बीच देर रात चोरों ने दुकान के शटर का ताला तोड़ दिया और सोने की नथुनी, मंगलसूत्र, पायल व बर्तन उठा ले गए।
सुरेश ने बताया कि शुक्रवार सुबह वह दुकान खोलने पहुंचा, तब उसे चोरी होने की जानकारी हुई। सुरेश ने चोरी गए जेवरात व बर्तन की कीमत 70 हजार रुपये बताई है।
इस मामले में सुरेश यादव ने थाना मोतीगंज में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। थाना मोतीगंज के उपनिरीक्षक गोरखनाथ ने बताया कि न तो उन्हें तहरीर मिली है और न ही चोरी होने की जानकारी है।